अफगान हमले से थरथर कांपा पाकिस्तान फिर आधी रात काबुल में बरसी आग
काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव अब खुले सैन्य टकराव और हमलों में बदलता दिख रहा है। दोनों देशों के दावों और पलटवारों के बीच हालात युद्ध जैसे बन गए हैं। अफगानिस्तान का दावा है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में 55 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि कुछ सैनिकों को जिंदा पकड़ा गया है। अफगानी सैनिकों ने डूरंड लाइन पर पाकिस्तान की करीब 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान ने आधी रात को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल समेत कई इलाकों में हवाई हमले कर 130 से अधिक अफगान लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है।
पाकिस्तान ने अफगान तालिबान शासन के खिलाफ ‘ऑपरेशन ग़ज़ब लिल हक’ शुरू करने की घोषणा की है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के अनुसार, इस ऑपरेशन के तहत 133 अफगान तालिबान ऑपरेटिव मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए। पाकिस्तान का कहना है कि उसने काबुल के अलावा पक्तिका और कंधार में तालिबान के रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तानी दावे के मुताबिक 27 चौकियां तबाह की गईं और 9 चौकियों पर कब्जा भी कर लिया गया।
पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई अफगानिस्तान की ओर से किए गए क्रॉस-बॉर्डर हमलों के जवाब में की गई। इस्लामाबाद के अनुसार, अफगान हमलों में उसके 50 से अधिक सैनिक मारे गए थे। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सेना तालिबान सरकार के हमलों का “करारा जवाब” दे रही है। पाकिस्तान ने यह भी दावा किया कि उसने दो कोर मुख्यालय, तीन ब्रिगेड मुख्यालय, दो गोला-बारूद डिपो और कई सैन्य ठिकाने नष्ट कर दिए। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने नुकसान को सीमित बताते हुए कहा कि उसके केवल दो सैनिक मारे गए और तीन घायल हुए हैं। इस्लामाबाद ने काबुल में बड़े पैमाने पर नागरिक हताहत होने के दावों को भी खारिज किया है।
अफगानिस्तान का दावा- पाक चौकियों पर कब्जा
इसी बीच अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उसके सैनिकों ने डूरंड लाइन पर पाकिस्तान की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया है। इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि कंधार और हेलमंद में पाकिस्तानी सैन्य पोस्ट को निशाना बनाया गया है। अफगान रक्षा मंत्रालय का दावा है कि कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कुछ को जिंदा पकड़ लिया गया है।
पहले भी हुए थे हवाई हमले
संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन, अफगानिस्तान (यूएनएएमए) ने हाल ही में पुष्टि की थी कि पाकिस्तान द्वारा नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में किए गए हवाई हमलों में 13 नागरिकों की मौत हुई थी, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सीमा पर जारी गोलीबारी और हवाई हमलों ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी है। दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल, हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और किसी बड़े संघर्ष की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

नई हाइड्रोजन बसें दिल्ली की सड़कों पर, सुविधाओं की पूरी जानकारी
भोजशाला पर बड़ा फैसला: MP हाईकोर्ट ने वाग्देवी मंदिर माना, मुस्लिम पक्ष को झटका
दिल्ली में मानसून तैयारी, ट्रैफिक जाम और जलभराव से मिलेगी राहत
HPV Vaccine को लेकर जागरूकता की कमी बनी बड़ी चिंता
2027 विश्वकप को लेकर चयन और भविष्य पर उठ रहे सवालों के बीच आया बयान
पेट्रोल-डीजल महंगे होंगे? 3 रुपये बढ़ोतरी से ऑयल कंपनियां नाखुश
शराब सप्लायर की पुलिस के साथ चेज़, वीडियो हुआ वायरल
सफाई कर्मियों की हड़ताल से ठप हुई डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सेवा
भारत में 5 अरब डॉलर निवेश करेगा UAE, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े समझौते
सोने और चांदी में गिरावट, गोल्ड के नए रेट अपडेट