काम के दौरान टूटी लिफ्ट, पावर प्लांट में तीन मजदूरों की मौत से मचा कोहराम
जांजगीर-चांपा। सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के ग्राम उच्च पिंडा में स्थित RKM Power Plant में मंगलवार की रात को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों को लेकर जा रही लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिससे तीन मजदूरों की मौत हो गई और सात से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार मजदूर बॉयलर मशीन की मरम्मत के लिए ऊंचाई पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का स्टील वायर टूट गया और लिफ्ट नीचे आ गिरी। घटना इतनी भीषण थी कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी हरीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लिफ्ट टूटने से तीन मजदूरों की मौत हुई है और सात से अधिक घायल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। मौके पर शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मजदूरों का आरोप, प्लांट प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ हादसा
स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया है कि RKM Power Plant प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की नियमित तकनीकी जांच लंबे समय से नहीं की गई थी। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है और मजदूर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। वहीं प्रशासन ने मृतकों के स्वजन को सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

“बंगाल जीतकर दिल्ली पर कब्जा”: ममता बनर्जी का बीजेपी पर बड़ा हमला
जबलपुर से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनें 16 घंटे लेट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
प्यासे शहर की परेशानी बढ़ी: दूषित पानी पर मंच का विरोध प्रदर्शन
महिला आरक्षण पर सियासी घमासान, 27 अप्रैल को MP विधानसभा का विशेष सत्र
CM कुर्सी पर खींचतान के बीच दिल्ली पहुंचे डिप्टी CM, बोले- हवा खाने नहीं आया
फ्लोर टेस्ट में सियासी रोमांच, किसका पलड़ा भारी?
NMDC ने दंतेवाड़ा में ग्रामीण विकास की नई पहल शुरू की
सचिन तेंदुलकर के जन्मदिन पर देशभर में जश्न का माहौल
बंगाल में शाह का भरोसा, बोले- डर जाएगा, विश्वास आएगा